पुलिस प्रशासन फेल,क्या हो रहा कोई खेल ? : सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी एसआई को पुलिस पकड़ने में नाकाम… पीड़िता को मिली सहायता राशि भी अब खाते से गायब

जावेद खान,कांकेर/भानुप्रतापपुर : सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता नाबालिग बच्ची को शासन से प्राप्त मुआवजे की राशि में से षड्यंत्र पूर्वक बड़ी रकम निकाल लिए जाने के मामले में उक्त पीड़िता एवं गांडा गंधर्व समाज के लोगों ने भानुप्रतापपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है। गांडा गन्धर्व समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजू गन्धर्व सहित कई पदाधिकारियों ने नाबालिक लड़की के साथ थाना पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराया है। वहीं पीड़िता ने भी मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की मांग की है।

विदित हो कि लगभग 6 माह पूर्व भानुप्रतापपुर के नयापारा में होली के पूर्व रात्रि को नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। जिसमें प्रमुख आरोपी पुलिस एसआई किशोर तिवारी था, जो कि अब तक फरार है। बाकी तीन आरोपी जिसमें दो कांकेर के व्यवसायी और एक भानुप्रतापपुर की महिला शामिल हैं, अब भी जेल दाखिल हैं। इस मामले को लेकर गांडा गन्धर्व समाज के लोगों ने प्रमुख आरोपी को पकड़ने के लिए आंदोलन भी किया था। फिर भी पुलिस अब तक आरोपित किशोर तिवारी को पकड़ने में नाकाम रही है।

इस मामले में एक और नया मोड़ तब आया, जब दो दिनों पूर्व पीड़िता की दादी ने अंतागढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराया कि उसकी नाबालिग पोती के खाता से लगातार काफी रकम आहरित किया जा रहा है। जबकि इन दिनों पीड़िता लड़की अपने घर से अलग, गांडा समाज के वरिष्ठ सदस्य के घर मे रह रही थी। अंतागढ़ गांडा समाज के लोगों ने इसकी जानकारी समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजू टांडिया को भी दी। इस पर अध्यक्ष ने छानबीन कराया।
इस पूरे मामले में अध्यक्ष राजू ने विस्तार से प्रेस को बताया कि उन्हें छानबीन से पता चला कि लड़की को शासन से जो 4 लाख 12 हजार 5 सौ की सहायता राशि मिली थी। उसमें से किसी के द्वारा थोड़ा-थोड़ा कर के लगभग डेढ़ लाख रुपए निकाल लिए गए थे, जबकि लड़की ने इस बारे में अनभिज्ञता प्रकट की और कहा कि यह राशि किसने निकाली वह नही जानती है। वहीं 22 अक्टूबर को लड़की के खाता में तीन बार मे क्रमशः 45 हजार, 38 हजार पांच सौ और 13 हजार 5 सौ रुपए कुल 97 हजार सीडीएम के माध्यम से जमा कराए गए हैं।

राजू के आगे जानकारी दी कि जमा राशि में जो मोबाइल नम्बर शो कर रहा है, उस पर काल करने पर रिसीव करने वाले ने बताया कि वह आरोपित किशोर तिवारी का रिश्तेदार है। फिलहाल हम लोगों ने समाज की ओर से मामले की जांच के लिए पुलिस को आवेदन दे दिया है, औऱ यही अपेक्षा है कि पुलिस दूध का दूध, पानी का पानी करेगी। और दोषियों को इसकी सजा जरूर मिलेगी।

बहरहाल पुलिस ने इस गम्भीर मामले को जांच में ले लिया है

इस मामले में भानुप्रतापपुर के थाना प्रभारी नरेश दीवान ने बताया कि उन्हें गांडा गन्धर्व समाज व पीड़िता दोनों की ओर से आवेदन मिल चुका है। औऱ पीड़िता के खाते की जानकारी लेकर विस्तार से जांच की जाएगी। आवेदन में जो मोबाइल नम्बर सामने आया है उसकी भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *